Wednesday, 23 September 2026
Punjab
Fazilka News:-चाणक्य स्कूल फाजिल्का में ट्रैफिक जागरूकता सेमिनार आयोजित, विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी
फाजिल्का: चाणक्य स्कूल फाजिल्का में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष ट्रैफिक जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को सुरक्षित यात्रा के नियमों, सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों और जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने के महत्व की जानकारी दी गई।
सेमिनार में एडवोकेट संजीव मार्शल, मलकीत सिंह (ट्रैफिक इंचार्ज), सुरिंदरपाल (पंजाब पुलिस) और जगीर सिंह (सेवानिवृत्त ट्रैफिक इंचार्ज) ने विशेष रूप से शिरकत की। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने के बारे में बताया।
उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने पर भी जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों को अन्य महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा गया कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है।
स्कूल की प्रधानाचार्या वंदना मक्कड़ ने अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्राथमिकता विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ जीवनोपयोगी और व्यवहारिक जानकारी देना भी है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बच्चों के जीवन को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों से जुड़ी उपयोगी जानकारियां हासिल कीं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। सेमिनार को विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरक बताया गया।