ePaper Reading mode

Punjab Patrika ePaper

Saturday, 03 October 2026

Fazilka News-:गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू की सॉफ्टबॉल टीमों का ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ में शानदार प्रदर्शन

Fazilka News-:गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू की सॉफ्टबॉल टीमों का ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ में शानदार प्रदर्शन

-गॉडविन घल्लू की चार टीमों ने लिया हिस्सा, तीन टीमों ने जीते स्वर्ण पदक, एक टीम ने पाया तीसरा स्थान 

 -खिलाड़ियों की मेहनत और लगन ने बढ़ाया स्कूल का गौरव”: एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां

फाजिल्का: ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के जिला स्तरीय सॉफ्टबॉल मुकाबलों में गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सफलता के झंडे गाड़ दिए। स्कूल की चार टीमों ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया, जिसमें तीन टीमों ने प्रथम स्थान पर कब्जा जमाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि एक टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है और स्कूल प्रबंधन ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।

इस बारे विद्यालय के डीपी मोहित सर व सॉफ्टबॉल कोच गुरलाल सिंह ने बताया कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में करवाए जा रहे जिला स्तरीय खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत साॅफ्टबॉल गेम्स मुकाबले की शुरुआत मैनेजिंग कमेटी मैंबर मैडम लखविंद्र कौर बराड़ और प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा द्वारा करवाई गई। उन्होंने बताया कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू की चार सॉफ्टबॉल टीमों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबलों के दौरान बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का परिचय दिया। अंडर-14 गर्ल्स तथा अंडर-14 बॉयज की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-17 गर्ल्स की टीम ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-17 बॉयज की टीम ने कड़े मुकाबलों के बाद तीसरा स्थान हासिल किया। इन मैचों के दौरान खेल इंचार्ज रमेश लाल की विशेष भूमिका रही।

इस अवसर पर स्कूल की मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन के साथ यह साबित किया है कि प्रतिभा को सही दिशा और निरंतर अभ्यास मिले तो विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में भी शानदार उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ जैसे खेल आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू के लिए यह गर्व की बात है कि स्कूल के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय मुकाबलों में तीन स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी जोश और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में भी स्कूल और जिले का नाम रोशन करेंगे।

मैनेजिंग कमेटी सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और अनुशासन का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर अभ्यास करते रहने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में उनकी नियमित मेहनत, अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। चारों टीमों के प्रदर्शन ने विद्यालय का नाम जिला स्तर पर गौरवान्वित किया है।

प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने भी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।