Monday, 12 October 2026
Punjab
Fazilka News-:गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत करवाए जिला स्तरीय वुशू ट्रायल मुकाबले
अंडर-14, 17, 21 और 21 से 40 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के हुए ट्रायल
सफल खिलाड़ी राज्य स्तरीय वुशू मुकाबलों में करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन
खेलों से युवाओं को मिलते हैं आगे बढ़ने के अवसर: लखविंद्र कौर बराड़
फाजिल्का: गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत जिला स्तरीय वुशू मुकाबले के लिये ट्रायल करवाए गए। इन ट्रायल मुकाबले की शुरुआत मैनेजिंग कमेटी मैंबर मैडम लखविंद्र कौर बराड़ और प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा द्वारा करवाई गई।
इस बारे जानकारी देते हुए डी पी मोहित सर ने बताया कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत जिला स्तरीय वुशू मुकाबले के लिये ट्रायल गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में सफलतापूर्वक करवाए गए। यह ट्रायल मुकाबले अंडर 14, 17, 21, 21 से 30 और 31 से 40 आयु वर्ग के ब्वॉयज और गर्ल्स खिलाड़ियों में करवाए गए। उन्होंने बताया कि इस ट्रायल में सफल रहे खिलाड़ी स्टेट वुशू खेलों में हिस्सा लेंगे।
इस मौके पर मैनेजिंग कमेटी मैंबर मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। खेलों में भाग लेने से खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
मैनेजिंग कमेटी मैंबर एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ जैसी खेल पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करवाने की। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ अपने खेल कौशल को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने कहा कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व देता है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। उन्होंने ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी निरंतर अभ्यास करें और अपनी मेहनत के दम पर उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करें।