Tuesday, 06 October 2026
Punjab
Fazilka News-:खेड़ां वतन पंजाब दियां’ में चाणक्य स्कूल के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
फाजिल्का। ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ के तहत फाजिल्का में आयोजित जोन एवं जिला स्तरीय मुकाबलों में चाणक्य स्कूल फाजिल्का के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में 36 पदक हासिल किए। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, मेहनत और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चाणक्य स्कूल के विद्यार्थियों ने जोन स्तर पर कुल 23 पदक और जिला स्तर पर 13 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिताओं में लड़कों और लड़कियों ने समान रूप से भाग लेते हुए उपलब्धियां हासिल कीं। स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस सफलता को उनके निरंतर अभ्यास और मेहनत का परिणाम बताया।
इसी दौरान स्कूल के खिलाड़ी मोहित कांबोज का राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। उसके चयन पर स्कूल प्रबंधन, अध्यापकों और विद्यार्थियों ने खुशी जताते हुए उसे आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना मक्कड़ ने विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चाणक्य स्कूल विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करता है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धियां उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी इसी तरह अपनी प्रतिभा के दम पर स्कूल और फाजिल्का का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहें।