Tuesday, 06 October 2026
Punjab
Fazilka News-:रेडिएंट पब्लिक स्कूल के एनसीसी कैडेटों ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत निकाली जागरूकता रैली
माहूआणा बोदला। महात्मा गांधी के स्वच्छता के सपने को साकार करने और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रेडिएंट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, माहूआणा बोदला के 6 पंजाब बटालियन एनसीसी कैडेटों की ओर से गांव माहूआणा बोदला में स्वच्छ भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान डीपी राजिंदर कुमार भी कैडेटों के साथ रैली में शामिल हुए और लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया।
रैली के दौरान एनसीसी कैडेटों ने पूरे जोश, अनुशासन और समर्पण के साथ गांव की विभिन्न गलियों और प्रमुख स्थानों पर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कैडेटों ने स्वच्छता संबंधी नारे लगाते हुए लोगों को अपने घरों, गलियों और आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. पंकज धमीजा ने कहा कि स्वच्छता केवल जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अहम हिस्सा होनी चाहिए। महात्मा गांधी ने स्वच्छ भारत का जो सपना देखा था, उसे पूरा करने के लिए समाज के हर व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए।
प्रिंसिपल नीति सिंह ने कहा कि स्वच्छ वातावरण हर व्यक्ति की जरूरत है। केवल अपने घर को साफ रखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि गांव, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों की सफाई का भी ध्यान रखना चाहिए। एनसीसी कैडेटों की ओर से लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना सराहनीय कदम है।
अकादमिक इंचार्ज डॉ. गुरवीन कौर ने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य का आपस में गहरा संबंध है। आसपास का वातावरण साफ रखने से कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। 6 पंजाब बटालियन एनसीसी के कैडेटों ने रैली के दौरान अनुशासन और एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने और आसपास की सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
स्कूल प्रबंधकीय कमेटी ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा की भावना पैदा होती है। एनसीसी कैडेटों की यह स्वच्छता जागरूकता रैली गांववासियों को साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करने वाला प्रभावी प्रयास साबित हुई