ePaper Reading mode

Punjab Patrika ePaper

Tuesday, 15 September 2026

जीनियस कान्वेंट स्कूल कटैहड़ा में हिंदी दिवस उत्साह से मनाया गया

जीनियस कान्वेंट स्कूल कटैहड़ा में हिंदी दिवस उत्साह से मनाया गया

कटैहड़ा। जीनियस कान्वेंट स्कूल कटैहड़ा में हिंदी दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय की कोऑर्डिनेटर श्रीमती रेखा ग्रोवर ने बताया कि इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया। विद्यार्थियों ने कविता पाठ, भाषण, लेखन और अन्य गतिविधियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में हिंदी भाषा के प्रति उत्साह और उमंग का वातावरण दिखाई दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कविता सपडा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाषा हमारी पहचान, संस्कृति और विचारों की अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बच्चों को हिंदी के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा इसके समृद्ध साहित्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य के महान रचनाकारों कबीर, तुलसीदास, रसखान, मीरा और रवीन्द्रनाथ टैगोर के योगदान से भी परिचित कराया। उन्होंने टैगोर के जीवन से जुड़ा एक प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए बच्चों को भाषा, साहित्य और मानवीय मूल्यों के महत्व का संदेश दिया।

विद्यालय के एमडी श्री राघव सपडा ने विद्यार्थियों और स्टाफ को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और विद्यार्थियों को इसके सम्मान तथा प्रयोग के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, प्रेम और सम्मान की भावना विकसित करना था। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी।