Monday, 14 September 2026
Punjab
मंडी लाधुका में मुफ्त मेडिकल चेकअप कैंप, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने करीब 440 मरीजों की जांच की
फाजिल्का, 14 सितंबर। माना राम स्वामी वेलफेयर सोसाइटी ने ग्राम पंचायत मंडी लाधुका के सहयोग से गुरुद्वारा सिंह सभा, मंडी लाधुका में मुफ्त मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने करीब 440 मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
सोसाइटी के चेयरमैन मनजीत स्वामी ने बताया कि कैंप में मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. मंदीप सिंह, सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अर्पित गुप्ता, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. निशांत सेतिया, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. परव कामरा और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कवलजीत अबरोल ने मरीजों की जांच की।
मरीजों को मिला परामर्श और मुफ्त दवाइयां
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और उन्हें बचाव, उपचार तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। सोसाइटी की ओर से जरूरत के अनुसार मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
मनजीत स्वामी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर मुफ्त मेडिकल कैंप आयोजित किए जाते हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग भी विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच और उचित स्वास्थ्य सलाह प्राप्त कर सकें।
जल्द होंगे जरूरतमंद मरीजों के आंखों के ऑपरेशन
उन्होंने ग्राम पंचायत मंडी लाधुका के सरपंच मनजोत सिंह खेड़ा का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरपंच के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों के आंखों के ऑपरेशन फेको तकनीक से जल्द करवाने की योजना है।
कैंप में पहुंचे डॉक्टरों को सोसाइटी और ग्राम पंचायत की ओर से सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंचायत सदस्य संदीप असीजा, सचिन लोटा, श्याम लाल, अमरजीत सिंह, सुभाष कंबोज, मनजीत कौर, राजवीर, रमन नरूला, जागीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: मंडी लाधुका स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में आयोजित मुफ्त मेडिकल चेकअप कैंप में मरीजों की जांच करते विशेषज्ञ डॉक्टर। साथ में सोसाइटी के चेयरमैन मनजीत स्वामी, सरपंच मनजोत सिंह खेड़ा व अन्य।