ePaper Reading mode

Punjab Patrika ePaper

Tuesday, 15 September 2026

मुहार सोना स्कूल के खेल मैदान में बन रहे मोबाइल टावर का विरोध, काम रुकवाया

मुहार सोना स्कूल के खेल मैदान में बन रहे मोबाइल टावर का विरोध, काम रुकवाया

मुहार सोना। पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन और नौजवान भारत सभा ने गांव मुहार सोना के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में लगाए जा रहे मोबाइल टावर का विरोध किया। संगठनों ने गांववासियों और स्कूल स्टाफ की सहमति से प्रदर्शन करते हुए टावर का चल रहा काम रुकवा दिया तथा उसे हटाने की मांग की।

पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के जिला प्रधान कमलजीत मुहार खीवा और नौजवान भारत सभा के जिला प्रधान राजन मुहार सोना ने कहा कि गांव का सीनियर सेकेंडरी स्कूल भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्र का एकमात्र स्कूल है। स्कूल का खेल मैदान पहले से ही छोटा है और उसमें मोबाइल कंपनी द्वारा टावर लगाया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि खेल मैदान में टावर लगाना मैदान पर सीधे तौर पर कब्जा करने जैसा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार गांवों में खेल मैदान बनाने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर स्कूल के मैदान में टावर लगाकर कंपनी को जगह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई को लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे।

सर्व भारत नौजवान सभा के जिला प्रधान शुबेग झंगड़ भैणी, ब्लॉक प्रधान कुलदीप बखू शाह और गुरदियाल ढाबां ने कहा कि यह पूरे गांव का साझा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जब तक टावर का कार्य पूरी तरह बंद नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

प्रदर्शन में गांव के नौजवान सुखदेव सिंह, मेजर सिंह, हरजिंदर सिंह, राजिंदर, सुरजीत सिंह, लेख सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।