Thursday, 17 September 2026
Punjab
त्योहारी सीजन से पहले फूड सेफ्टी विभाग का सैंपलिंग अभियान, फाजिल्का और अबोहर से 12 नमूने लिए
फाजिल्का, आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए फूड सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब ने जिला फाजिल्का में विशेष चेकिंग और सैंपलिंग अभियान चलाया। सिविल सर्जन डॉ. कविता के निर्देशों और नेतृत्व में चलाए गए अभियान का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
फूड सेफ्टी अधिकारी हरविंदर सिंह ने फाजिल्का की 6 और अबोहर की 6 मिठाई दुकानों एवं डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खोया आधारित मिठाइयों और पनीर के कुल 12 सैंपल लिए गए।
अधिकारी ने बताया कि त्योहारी सीजन से पहले चलाए गए अभियान का उद्देश्य बाजार में बिक रहे खोया आधारित उत्पादों और पनीर की गुणवत्ता व सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। लिए गए सभी नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए फूड लैबोरेटरी भेजे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट में कोई सैंपल निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है, तो फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फूड सेफ्टी अधिकारी ने मिठाइयों और डेयरी उत्पादों के कारोबार से जुड़े फूड बिजनेस ऑपरेटरों से अपील की कि वे उपभोक्ताओं को केवल ताजा, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराएं तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।
उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान विभाग की सैंपलिंग, चेकिंग और आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि मिलावटखोरी पर रोक लगाई जा सके और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिलें।