Skip to content

Abohar News-अघोषित बिजली कटों के विरोध में अकाली दल का अबोहर में प्रदर्शन

मांगें पूरी न होने पर मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी

Abohar News-अघोषित बिजली कटों के विरोध में अकाली दल का अबोहर में प्रदर्शन
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

अबोहर। पंजाब में लंबे अघोषित बिजली कटों के विरोध में शिरोमणि अकाली दल ने बुधवार, 16 सितंबर को एसडीएम कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। जिला प्रधान बॉबी मान की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और पावरकॉम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की।

अकाली दल नेताओं ने कहा कि बिजली कटों से घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अबोहर हल्का इंचार्ज हरबिंदर सिंह हैरी संधू ने कहा कि त्योहारी सीजन की शुरुआत में बिजली की अनियमित आपूर्ति से व्यापारियों और उद्योगपतियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कटों के कारण कारखानों का उत्पादन और आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

वरिष्ठ नेता कौर सिंह बहाववाला और गुरलाल सिंह दानेवालिया ने भी बिजली व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए।

जिला प्रधान बॉबी मान ने सरकार के बिजली उपलब्धता संबंधी दावों को जमीनी स्थिति से अलग बताया। उन्होंने कहा कि बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने हाल में 17,281 मेगावाट की रिकॉर्ड मांग पूरी करने और बिजली की कमी न होने का दावा किया था, जबकि अकाली दल के अनुसार शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटों की कटौती से लोग परेशान हैं।

धरने में बल्लुआना हल्का इंचार्ज विनोद मेघ, कई सर्कल प्रधान और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। अकाली नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं हुई और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।

उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में चरणबद्ध संघर्ष के तहत मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव भी किया जाएगा।