फाजिल्का/जलालाबाद/अबोहर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने नशा सेवन, हेरोइन बरामदगी, मारपीट, चोरी और हत्या के मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार मामलों की जांच जारी है।
नशा सेवन के आरोप में एक व्यक्ति काबू
जलालाबाद के थाना अमीर खास पुलिस ने नशा सेवन के आरोप में एक व्यक्ति को काबू किया है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मनदीप सिंह के अनुसार पुलिस टीम इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए गश्त कर रही थी। इस दौरान नहर की पटरी, गांव अमीर खास के पास चक सैदोके निवासी सुखपाल सिंह पुत्र हरदीप सिंह को कथित तौर पर नशा करते पाया गया। पुलिस ने उसके पास से एक लाइटर, पन्नी और 10 रुपये का जला हुआ नोट बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हेरोइन समेत दो व्यक्तियों पर मामला दर्ज
थाना सिटी फाजिल्का पुलिस ने बाधा टी-प्वाइंट के पास खंडहर और झुग्गियों के निकट से दो व्यक्तियों को काबू करने का दावा किया है। जांच अधिकारी हवलदार सरिता के अनुसार पुलिस ने उड्डा वाली बस्ती निवासी तुषार वर्मा पुत्र रतन लाल और अन्नी दिल्ली, फाजिल्का निवासी करण सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह के पास से लाइटर, सिल्वर पन्नी, हेरोइन लगी पन्नी तथा 10 रुपये का नोट-नुमा पाइप बरामद किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27/61/85 के तहत केस दर्ज किया गया है।
घर में घुसकर मारपीट के आरोप में चार पर केस
थाना सदर फाजिल्का पुलिस ने महातम नगर निवासी कीमा सिंह की शिकायत पर चार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार 17 अगस्त 2026 को काम से घर लौटने पर महातम नगर निवासी मलकीत सिंह, जसवीर सिंह, राज सिंह और शिंदर सिंह कथित तौर पर उसके घर में दाखिल हुए और उसके साथ मारपीट कर चोटें पहुंचाईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 333, 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
रास्ते में रोककर मारपीट के आरोप में पांच पर केस
थाना खुई खेड़ा पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कस्टमर मैनेजर इकबाल सिंह की शिकायत पर पांच व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह महिंद्रा फाइनेंस सर्विसेज लिमिटेड में कार्यरत है और संजय कुमार के घर किश्त लेने गया था। वापसी के दौरान बारेकां-मुरादवाला रोड पर संजय कुमार, टीनू, अंकित तथा दो अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर उसे रास्ते में रोककर मारपीट की। पुलिस ने बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 351(3) और 190 के तहत केस दर्ज किया है।
32 हजार रुपये और चांदी की पाजेब चोरी का मामला दर्ज
अबोहर के थाना बहाववाला पुलिस ने राजावाली निवासी कृष्ण लाल की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके घर से 32 हजार रुपये तथा करीब 10 तोला वजन की चांदी की दो जोड़ियां पाजेब चोरी हुई हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुल्हाड़ी से हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार
थाना खुईयां सरवर पुलिस ने गिदड़ांवाली गांव में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें काबू कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिदड़ांवाली निवासी रमनदीप सिंह ने शिकायत दी कि उसके भाई अमनदीप कुमार की एक सूनी ढाणी में कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। शिकायत के आधार पर मनीष कुमार, सावन सिंह उर्फ जादू और जगमीत सिंह उर्फ सन्नी, सभी निवासी गिदड़ांवाली, के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।