फाजिल्का: नगर कौंसिल में भाजपा बोर्ड बनने के बाद शहर की लंबे समय से लंबित सड़कों के निर्माण कार्य शुरू होने लगे हैं। सोमवार को नगर कौंसिल अध्यक्षा अनीता जैरथ ने सिद्ध श्री हनुमान मंदिर के पीछे स्थित सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया।
बताया गया कि यह सड़क पिछले करीब एक दशक से उपेक्षा का शिकार थी। खराब सड़क और जलभराव के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
नगर कौंसिल अध्यक्षा अनीता जैरथ ने कहा कि पूर्व में विभिन्न सरकारों और बोर्डों के दौरान इस सड़क का निर्माण कार्य लंबित रहा। उन्होंने कहा कि अब भाजपा बोर्ड ने इसे प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देकर निर्माण कार्य शुरू करवाया है।
वार्ड पार्षद बलवीर सिंह ने बताया कि यह सड़क आनंदपुर मोहल्ला, कांशीराम कॉलोनी, आवा कॉलोनी और आगे के दर्जनों गांवों को शहर से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके अलावा यह धोबीघाट मोहल्ला और आदर्श नगर को कॉलेज रोड से भी जोड़ती है।

उन्होंने बताया कि सड़क की लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण यहां अक्सर बारिश और सीवरेज के पानी का जमाव रहता था। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती थी और आसपास के निवासियों को गंदे पानी के कारण बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी रहती थी।
भाजपा नेता अशोक जैरथ ने कहा कि सड़क का निर्माण नगर कौंसिल फंड से करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा बोर्ड ने निर्माण को प्राथमिकता देते हुए मंजूरी और टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाई है।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुनील कश्यप, जसवीर सिंह सहित अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।