फाजिल्का। गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में 70वीं पंजाब स्टेट अंतर-जिला स्कूल खेलें 2026-27 के अंतर्गत राज्य स्तरीय अंडर-17 वुशु प्रतियोगिता जारी है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को लड़कों के वुशु मुकाबले शुरू हुए, जिसमें पंजाब के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला शिक्षा अधिकारी अजय त्रिपाठी के दिशा-निर्देशों पर आयोजित प्रतियोगिता में लड़कों के मुकाबलों का शुभारंभ मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़, प्रधानाचार्य अभिलेख शर्मा और विद्यालय स्टाफ ने किया। इस दौरान डीएससी पंकज कंबोज विशेष रूप से उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के डीपी मोहित कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-17 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां भाग ले रहे हैं। लड़कों के मुकाबले 16 सितंबर से शुरू हुए, जो 17 सितंबर को भी जारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि गर्ल्स विंग में जिला बठिंडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। जिला होशियारपुर दूसरे और जिला संगरूर तीसरे स्थान पर रहा।
मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वुशु जैसी खेल विधाएं बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और मेहनत की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
मैनेजिंग कमेटी सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं।
डीएससी पंकज कंबोज ने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। प्रधानाचार्य अभिलेख शर्मा ने कहा कि विद्यालय में राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का आयोजन पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व का अवसर है।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन 17 सितंबर को भी अंडर-17 लड़कों के वुशु मुकाबले होंगे। इसके बाद 18 सितंबर को समापन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन में सहयोग देने वाले स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।