Skip to content

फाजिल्का के कई निजी स्कूलों को धमकी भरा ई-मेल, एहतियातन छुट्टी; पुलिस जांच जारी

एंटी-सैबोटाज और साइबर टीमों को लगाया गया, अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

फाजिल्का के कई निजी स्कूलों को धमकी भरा ई-मेल, एहतियातन छुट्टी; पुलिस जांच जारी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

फाजिल्का। शहर के कई निजी स्कूलों को शुक्रवार को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया। एहतियातन संबंधित स्कूलों को खाली कराकर विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई और अभिभावकों को बच्चों को घर ले जाने के लिए सूचित किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कम-से-कम पांच स्कूलों को ऐसा ई-मेल मिला है। हालांकि, प्रभावित स्कूलों की संख्या को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में भिन्नता है। स्कूल प्रबंधनों ने सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन को जानकारी दी।

 


 धमकी भरी ईमेल बाबत जानकारी देती होली हार्ट डे बोर्डिंग पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल रितु भुंसरी

 

पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन के साथ-साथ साइबर सेल की टीम भी पता लगाने में जुटी है कि मेल कहां से आई है। फाजिल्का के होली हार्ड डे बोर्डिंग पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल रितु भुंसरी ने बताया कि स्कूल को बम ब्लास्ट की धमकी भरा मेल मिला है। इसके बाद उनके द्वारा स्कूल में छुट्टी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि करीब 11.12 बजे पर मेल मिली है। पुलिस प्रशासन अपनी जांच में जुटा है। इसके अलावा सेक्रेट हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, आत्म वल्लभ स्कूल, सर्व हितकारी स्कूल, कॉम्फी इंटरनेशनल स्कूल भी धमकी मिली है। संबंधित परिसरों में सुरक्षा जांच की जा रही है। 

साइबर सेल की टीम ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान के संबंध में तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। 

 

अभिभावकों और आम लोगों से अपील की गई है कि वे केवल पुलिस या प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट खबरों को साझा न करें।