फाजिल्का, माना राम स्वामी वेलफेयर सोसायटी की ओर से सरहदी गांव करनी खेड़ा मे स्थित श्री राधे कृष्ण मंदिर में निशुल्क मेडिकल चैकअप कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान विभिन्न रोगों से संबंधित करीब 230 मरीजों की विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को सोसायटी की ओर से डॉक्टरों द्वारा लिखी गई दवाइयां भी निशुल्क वितरित की गईं। कैंप में दिमागी रोगों के माहिर डॉ. मनदीप सिंह, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पर्व कामरा तथा आंखों के रोगों के माहिर डॉ. कवंलदीप सिंह अब्रोल ने विशेष रूप से पहुंचकर मरीजों की जांच की। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें उचित उपचार तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया।
इस संबंधी जानकारी देते हुए सोसायटी के चेयरमैन मनजीत स्वामी ने बताया कि सोसायटी का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरहदी क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों को कई बार विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के लिए दूर जाना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सोसायटी की ओर से समय-समय पर ऐसे निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि इस कैंप में करीब 230 मरीजों की विभिन्न बीमारियों से संबंधित जांच की गई। जांच के बाद डॉक्टरों द्वारा लिखी गई दवाइयां भी मरीजों को सोसायटी की ओर से बिना किसी शुल्क के उपलब्ध करवाई गईं व फ्राइडे फार्मा की ओर से कैंप में पहुंचे मरीजों की ब्लड शुगर की भी जांच माहिर घनश्याम सिंह द्वारा की गई।मनजीत स्वामी ने कहा कि भविष्य में भी जरूरत के अनुसार सरहदी गांवों में इस प्रकार के निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर श्री राधे कृष्ण मंदिर के पुजारी सोनू शर्मा, पवन कुमार, नौरंग लाल, चंद्रकांत, लाधु राम, सुभाष कुमार, सुरेंद्र कुमार, इन्द्रलाल, लालचंद, गोपी राम गोडेला, अजय कुमार, चेतराम, अशोक कुमार, मनफूल सिंह, रावत राम सहित गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कैंप के आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का भी आभार व्यक्त किया गया।