जलालाबाद, 13 सितंबर। बार एसोसिएशन जलालाबाद के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील कुक्कड़ ने जिम्मेदारी संभालते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की आवाज मजबूती से उठाना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने सुशील कुक्कड़ से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
बार की गरिमा और एकजुटता के लिए काम करने का भरोसा
सुशील कुक्कड़ ने कहा कि बार एसोसिएशन के सदस्यों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि बार की गरिमा बनाए रखने, सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर चलने और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की एकजुटता से बार एसोसिएशन को और मजबूत बनाया जा सकता है। बार की बेहतरी के लिए सभी सदस्यों के सहयोग से सकारात्मक पहल की जाएगी।
विधायक ने दिया सहयोग का भरोसा
विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने कहा कि अधिवक्ता न्याय और कानून-व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील कुक्कड़ के अनुभव का लाभ बार एसोसिएशन को मिलेगा और उनके नेतृत्व में अधिवक्ताओं की एकजुटता को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने बार एसोसिएशन की बेहतरी तथा अधिवक्ताओं के जायज हितों से जुड़े मामलों में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया। इस अवसर पर नगर कौंसिल के उपाध्यक्ष एवं एडवोकेट राजीव बजाज सहित अन्य अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।