फाजिल्का, शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस के मौके पर जिला परिषद सदस्य एवं सरपंच यूनियन के प्रधान संदीप सिंह भट्टी ने शहीद भगत सिंह को श्रद्धा के फूल भेंट कर उनकी महान कुर्बानी को नमन किया। इस मौके उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन कुर्बान कर देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उनके बलिदान को देशवासी हमेशा याद रखेंगे।
संदीप सिंह भट्टी ने कहा कि शहीद भगत सिंह की देशभक्ति, साहस, कुर्बानी और विचार आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने बहुत कम उम्र में देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाई। उनके विचारों में देश के प्रति प्रेम, सामाजिक समानता और लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी।
उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानियां केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि ये हमें देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने की प्रेरणा भी देती हैं। हमें महान शहीदों के जीवन और विचारों से सीख लेते हुए समाज की बेहतरी के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शहीद भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज की तरक्की में अपना योगदान दें।
इस मौके सुखा चेयरमैन झंगड़, सुखा चेयरमैन बकूशा, हरजीत सरपंच घुड़मी, सोनू सरपंच, बच्चन यूथ प्रधान, बलजिंदर कंबोज सरपंच, सरिंदर जिला परिषद, रमन सरपंच ओझा, देश राज ‘आप’ नेता, हरबंस जी, गंगन समाजसेवी, शिंदा मंडी हजूर, इंदर कंबोज, गुरी कंबोज और अनिल कंबोज सहित अन्य साथी मौजूद रहे। सभी साथियों ने शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए उनकी लासानी कुर्बानी को नमन किया।