Skip to content

गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में 70वीं पंजाब स्टेट अंतर-जिला स्कूल खेलों का आगाज

अंडर-17 राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में पंजाब भर से पहुंचे खिलाड़ी

गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में 70वीं पंजाब स्टेट अंतर-जिला स्कूल खेलों का आगाज
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

फाजिल्का। गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में 70वीं पंजाब स्टेट अंतर-जिला स्कूल खेलें 2026-27 के अंतर्गत अंडर-17 राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ की अगुवाई में आयोजित की जा रही है।

जिला शिक्षा अधिकारी अजय त्रिपाठी के दिशा-निर्देशों पर डीएससी पंकज कंबोज और विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिलेख शर्मा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान पंजाब के विभिन्न जिलों से पहुंचे अंडर-17 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां वुशु मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

विद्यालय के डीपी मोहित कुमार ने बताया कि 15 और 16 सितंबर को अंडर-17 लड़कियों के वुशु मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 16 सितंबर दोपहर से 17 और 18 सितंबर तक अंडर-17 लड़कों के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का समापन 18 सितंबर को सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा।

डीएससी पंकज कंबोज ने कहा कि पंजाब सरकार और शिक्षा विभाग विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मुकाबलों में भाग लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने पंजाब के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों और कोचों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू को राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ मेहनत, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।

मैनेजिंग कमेटी सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य भर के खिलाड़ियों को एक मंच पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

प्रधानाचार्य अभिलेख शर्मा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और टीमों का स्वागत करते हुए कहा कि टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन अंडर-17 लड़कियों के विभिन्न मुकाबले आयोजित किए गए, जो 16 सितंबर को भी जारी रहेंगे।

इस अवसर पर जिला सचिव डॉ. हरीश थिंद, टेक्निकल कमेटी सदस्य रविंद्र कुमार, विभिन्न टीमों के कोच और इंचार्ज विशेष रूप से उपस्थित रहे।