Skip to content

तहसील फाजिल्का में रेवेन्यू पटवार यूनियन का जोरदार धरना प्रदर्शन

तहसील फाजिल्का में रेवेन्यू पटवार यूनियन का जोरदार धरना प्रदर्शन
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

लंबित मांगों के समाधान को लेकर पंजाब सरकार से कार्रवाई की मांग

फाजिल्का,  रेवेन्यू पटवार यूनियन पंजाब के आह्वान पर द रेवेन्यू पटवार यूनियन फाजिल्का के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर तहसील फाजिल्का परिसर में धरना दिया। धरना सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें यूनियन सदस्यों ने रोष जताते हुए पंजाब सरकार से मांगों का शीघ्र समाधान करने की अपील की।

यूनियन के तहसील अध्यक्ष अमनजोत सिंह पटवारी, महासचिव तारिक ग्रोवर पटवारी और खजांची संजय कुमार पटवारी ने बताया कि प्रमुख मांगों में स्टेट कैडर को रद्द करना, 17 जुलाई 2020 का पत्र रद्द करना, पटवारी कैडर के 4,716 पद बहाल करना तथा बढ़ती आबादी के मद्देनजर पटवारियों के पदों में वृद्धि शामिल है।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि वे लंबे समय से इन मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पटवारी वर्ग राजस्व विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य करता है और आम लोगों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाता है। इसके बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

धरने में सेवानिवृत्त पटवारी इंद्र मोहन, ओमप्रकाश कंबोज, कुलबीर डोगरा, प्रदीप गुप्ता, सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार राम किशन, सेवानिवृत्त कानूनगो परमजीत सिंह, तहसील अध्यक्ष अमनजोत सिंह, महासचिव तारिक ग्रोवर, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, सुभाष चंद्र पटवारी, बलराज सिंह पटवारी, सेवानिवृत्त पटवारी रजिंदर कुमार और ज्ञान चंद समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो अगली रणनीति बनाकर संघर्ष को और तेज किया जाएगा।