Skip to content

Fazilka News-:6599 यूनिट रक्तदान करवा श्री राम कृपा सेवा संघ संघ ने पंजाब में पाया दूसरा स्थान

फाजिल्का के युवाओं की बदौलत मिला राज्य स्तरीय सम्मान, चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में बढ़ा जिले का मान

Fazilka News-:6599 यूनिट रक्तदान करवा श्री राम कृपा सेवा संघ संघ ने पंजाब में पाया दूसरा स्थान
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

फाजिल्का, -श्री राम कृपा सेवा संघ वेलफेयर सोसायटी ने विभिन्न रक्तदान शिविरों के माध्यम से इस वर्ष 6599 यूनिट रक्तदान करवाकर पूरे पंजाब में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके लिए पंजाब म्यूंसिपल भवन, चंडीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने सोसायटी को स्टेट अवार्ड देकर सम्मानित किया। इस दौरान पीएसएसीएस साक्षी साहनी, एडिशनल प्रोजेक्ट डायरेक्टर पीएसएसीएस डा. विशाल गर्ग, ज्वाइंट डायरेक्टर ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विस डा. सुनीता देवी भी विशेष मेहमान के रूप में मौजूद रहे।

इस उपलब्धि के पीछे लगातार रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली टीम और फाजिल्का के युवाओं की भागीदारी रही। सम्मान समारोह में सोसायटी के रक्तदान शिविर प्रभारी राजीव कुकरेजा, नीरज ठकराल, सुखविंद्र बराड़, अंकुश ग्रोवर और परमजीत सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने इन रक्तदान सेवियों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। वहीं इस दौरान सिविल सर्जन डा. कविता सिंह और डा. नीलू चुघ भी विशेष तौर पर मौजूद रहीं। इस दौरान रक्तदान शिविर प्रभारी राजीव कुकरेजा ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि फाजिल्का के उन हजारों युवाओं का है जिन्होंने जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए बिना किसी स्वार्थ के रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी परिवार के सामने अचानक आ सकती है और ऐसे समय में उपलब्ध रक्त किसी के लिए सबसे बड़ी मदद बन जाता है। सोसायटी का प्रयास है कि जिले में रक्त की कमी के कारण किसी मरीज या परिवार को परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने कहा कि युवाओं में रक्तदान को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है। एक रक्तदाता द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। इसलिए संस्था भविष्य में भी अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित कर युवाओं को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास करती रहेगी। सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान फाजिल्का के लिए भी गौरव की बात है। उन्होंने रक्तदाताओं, शिविरों में सहयोग करने वाली संस्थाओं, चिकित्सकीय टीमों और सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।