Skip to content

Fazilka News-: पढ़ाई के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी : मैडम लखविंद्र कौर बराड़

अभिभावकों और अध्यापकों ने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति व व्यवहार को बेहतर बनाने पर किया विचार-विमर्श

Fazilka News-: पढ़ाई के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी : मैडम लखविंद्र कौर बराड़
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

-अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का दिया भरोसाफाजिल्का: उपमंडल के गांव घल्लू स्थित गाडविन पब्लिक स्कूल में मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ के दिशा-निर्देशों में अभिभावक-अध्यापक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार, परीक्षा परिणाम और सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे। www.punjabpatrika.in

इस बारे जानकारी देते हुए प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने बताया कि बैठक के दौरान विभिन्न कक्षाओं के अध्यापकों ने अभिभावकों के साथ बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी से संबंधित जानकारी साझा की। साथ ही विद्यार्थियों की कमजोरियों को दूर करने, उनकी रुचि को समझने और पढ़ाई के प्रति बेहतर वातावरण तैयार करने पर भी विचार किया गया। अध्यापकों ने अभिभावकों को बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर ध्यान देने तथा उनके साथ नियमित संवाद बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना या अच्छे परीक्षा परिणाम हासिल करना नहीं है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार, आत्मविश्वासी और संस्कारवान नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच का विकास करना समय की जरूरत है। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों में भाग लेने के अवसर प्रदान किए जाते हैं, ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचानकर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों और अभिभावकों के बीच आपसी तालमेल और निरंतर संवाद बेहद जरूरी है। जब तीनों मिलकर विद्यार्थियों के हित में प्रयास करते हैं, तो बच्चों की शैक्षणिक और व्यक्तिगत प्रगति को नई दिशा मिलती है।

मैनेजिंग कमेटी सदस्य एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों से विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गाडविन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

बैठक के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और अध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा और व्यक्तित्व विकास में विद्यालय को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।