टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग फाजिल्का की ओर से टीबी स्क्रीनिंग कैंपों का शेड्यूल जारी किया गया है। ये कैंप सिविल सर्जन डॉ. कविता सिंह के निर्देशों और जिला टीबी अधिकारी डॉ. नीलू चुघ की निगरानी में लगाए जाएंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. कविता सिंह ने बताया कि जिले में लगातार विशेष स्क्रीनिंग कैंप लगाकर हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों के माध्यम से मुफ्त एक्स-रे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, इसलिए इसकी समय पर पहचान होना बेहद जरूरी है। जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामाजिक भागीदारी की आवश्यकता है।
डॉ. नीलू चुघ की देखरेख में लगने वाले कैंपों के शेड्यूल के अनुसार 14 और 15 अक्टूबर को आम आदमी क्लीनिक लाधूका, 16 और 17 अक्टूबर को आम आदमी क्लीनिक चक जानीसर, 19 और 21 अक्टूबर को आम आदमी क्लीनिक जंडवाला भीमेशाह तथा 22 और 23 अक्टूबर को भी आम आदमी क्लीनिक जंडवाला भीमेशाह में कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा 24 से 31 अक्टूबर तक अर्बन पीएचसी, पुराने सिविल अस्पताल फाजिल्का में टीबी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. नीलू चुघ ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को 15 दिनों से अधिक खांसी, शाम के समय बुखार, वजन कम होने, भूख न लगने या सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हों, तो यह टीबी के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में संबंधित व्यक्ति को इन कैंपों में या किसी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेकर जांच करवानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी का इलाज मुफ्त उपलब्ध है।
इस अवसर पर मास मीडिया विंग से विनोद खुराना, मनबीर सिंह और टीबी शाखा का स्टाफ मौजूद रहा।