Skip to content

Fazilka News-:गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में राज्य स्तरीय अंडर-17 वुशु प्रतियोगिता का शानदार समापन

विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और प्रतियोगिता को सफल बनाने वाले स्टाफ सदस्यों को किया सम्मानित

Fazilka News-:गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में राज्य स्तरीय अंडर-17 वुशु प्रतियोगिता का शानदार समापन
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
-विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु पढ़ाई के साथ खेलों को भी समान महत्व देना जरूरी: डीईओ अजय त्रिपाठी 
 
-खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में निभाते हैं अहम भूमिका : लखविंद्र कौर बराड़
 
फाजिल्का। पंजाब सरकार और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में आयोजित 70वीं पंजाब स्टेट अंतर जिला स्कूल खेलें 2026-27 के अंतर्गत राज्य स्तरीय अंडर-17 वुशु प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन एवं सम्मान समारोह करवाया गया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों के बाद आयोजित सम्मान समारोह में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस समापन समारोह में डी.एस.सी. पंकज कम्बोज, गुरमीत सिंह मैनेजर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, सुरिंदर कुमार एम.आई.एस. कोआर्डिनेटर जिला फाजिल्का, अजय कुमार ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर अबोहर, मैनेजिंग कमेटी मैंबर श्रीमती सुरजीत कौर, मैनेजिंग कमेटी मैंबर मैडम लखविंद्र कौर बराड़ तथा एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
 
 
इस मौके पर मैनेजिंग कमेटी मैंबर मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू को राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और नेतृत्व की भावना पैदा करते हैं। राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे और बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।
इस मौके पर डी.एस.सी. पंकज कम्बोज ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, आयोजकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी।
जिला शिक्षा अधिकारी अजय त्रिपाठी ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाना जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
 
विद्यालय के डीपी मोहित कुमार ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी अजय त्रिपाठी के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए विद्यालय की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने का पूरा प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि ब्वॉयज के फाइनल मुकाबले के घोषित नतीजों में जिला मानसा ने पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल किया। इसी तरह से जिला लुधियाना दूसरे और जिला जालंधर तीसरे स्थान पर रहा। वहीं गर्ल्स विंग में जिला बठिंडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल कर ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। लड़कियों में जिला होशियारपुर ने दूसरा तथा जिला संगरूर ने तीसरा स्थान हासिल किया।
सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों, निर्णायकों तथा सहयोगी स्टाफ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतियोगिता में सहयोग देने वाले शिक्षा विभाग, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों, विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षकों, निर्णायकों, खिलाड़ियों, शिक्षकों तथा समस्त स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।